ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र अंतर्गत मिर्जा जगदीशपुर में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पावन अवसर पर हनुमान मंदिर सहित क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा इलाका ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा।
भोर की पहली किरण के साथ ही हनुमान मंदिर, दुर्गा मंदिर, रामकृष्ण मंदिर और शिवालय के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। जैसे ही मंदिरों के द्वार खुले, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ ने पूरे परिसर को खचाखच भर दिया। सुबह से दोपहर तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु हाथों में जल, बेलपत्र, धतूरा और प्रसाद लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते नजर आए। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी भोलेनाथ की भक्ति में लीन दिखे। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और घंटों की मधुर ध्वनि से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन व मंदिर समिति भी सतर्क रही, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही। कुल मिलाकर मिर्जा जगदीशपुर में महाशिवरात्रि का पर्व आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम बन गया, जहां हर ओर बस शिवमय माहौल देखने को मिला।
रिपोर्ट-एमके राय