महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत स्थित बाबा भैरवनाथ धाम परिसर में गुरुवार को चैत्र पूर्णिमा और हनुमान जयंती पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तजन पोखरे में आस्था की डुबकी लगाकर “जय बाबा भैरवनाथ” के जयकारों के साथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते नजर आए।
धार्मिक मान्यता के अनुसार चैत्र पूर्णिमा का दिन अत्यंत पवित्र माना जाता है और इसी दिन भगवान हनुमान का जन्म हुआ था, जिसे पूरे देश में हनुमान जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर बजरंगबली से साहस, स्वास्थ्य और संकटों से रक्षा की कामना की।
मंदिर के पुजारी सचिन गोस्वामी ने बताया कि चैत्र पूर्णिमा और हनुमान जयंती का यह पावन दिन बेहद शुभ होता है। इस दिन सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने पर भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन के कष्ट दूर होते हैं।
भैरवनाथ धाम परिसर में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। मंदिर के आसपास सजी दुकानों पर बच्चों के खिलौने, महिलाओं के श्रृंगार सामग्री और प्रसाद की दुकानों पर खासा रौनक रही। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र