महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देव दीपावली के पावन अवसर पर नगर पंचायत महराजगंज स्थित भैरवधाम में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर और सरयू तट पर हजारों दीपों की लौ से पूरा क्षेत्र आलोकित हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां सरयू की आरती में शामिल हुए और भक्ति भाव से दीपदान कर पुण्य अर्जित किया।
बुधवार की सुबह से ही सामाजिक संगठनों व श्रद्धालु धाम मंदिर परिसर व सरयू के किनारे दीप प्रज्जवलन की तैयारी में लगे नज़र आये। शाम होते ही धाम परिसर व सरयू तट पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और सायंकाल सरयू आरती के समय पूरा वातावरण “हर हर गंगे” और “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
नगर पंचायत की ओर से विशेष सजावट की गई थी। सरयू तट से लेकर भैरवधाम परिसर तक दीपों की कतारें मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। भक्तों ने सरयू में दीप प्रवाहित कर क्षेत्र की खुशहाली, परिवार की समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। देव दीपावली के अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा भक्ति संगीत प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की थी। पूरे धाम परिसर में रोशनी, सजावट और श्रद्धा का ऐसा संगम था कि श्रद्धालु देर तक धाम परिसर में डटे रहे। देव दीपावली के इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि महराजगंज स्थित भैरव धाम की आस्था और आध्यात्मिकता का रंग आज भी उतना ही उज्जवल है जितना सदियों पहले था।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा