नवरात्रि पर मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिरों के बाहर देखने को मिलीं। मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ पहुंचे। मंदिरों को फूल-मालाओं और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नगर पंचायत स्थित भैरव धाम में पुजारियों द्वारा विधि-विधान से पूजा कराई गई और श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मां से आशीर्वाद मांगा। वहीं दूसरी ओर, ईद के नजदीक आते ही बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। शनिवार को पड़ रहे ईद के अवसर पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कपड़ों की दुकानों, जूते-चप्पल, सजावटी सामान और मिठाई की दुकानों पर खासा उत्साह नजर आया। खासकर बच्चों और युवाओं में ईद को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
दुकानदारों के अनुसार, इस बार बिक्री में अच्छा इजाफा हो रहा है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाजारों और प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
इस प्रकार एक ओर जहां नवरात्रि की भक्ति में लोग डूबे नजर आए, वहीं ईद की तैयारियों ने बाजारों में खुशियों की चहल-पहल बढ़ा दी। दोनों त्योहारों का यह संगम क्षेत्र में सौहार्द्र और उत्सव का संदेश दे रहा है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *