अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के लोहरा (डडवा) गांव में शनिवार की शाम लगभग छह बजे भोजन बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। इसमें जानमाल की क्षति तो नहीं हुई, लेकिन गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार फूलचंद पुत्र रामफेर की पत्नी विमला देवी शाम को घर में अकेली थीं और भोजन बना रही थीं कि तभी गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। विमला ने तुरंत घर से बाहर भागकर लोगों को जानकारी दी, लेकिन लपटें काफी तेज होने की वजह से कोई नजदीक नहीं गया। तब तक घर में रखा सारा गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया, लेकिन आग बुझने के बाद ही फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंचा।
ग्राम प्रधान राज कपूर ने बताया कि घर में रखा खाद्यान्न, कपड़े, गहने व नकदी आदि जलकर राख हो गए। उस समय फूलचंद अपने दोनों बेटों के साथ दिल्ली में आंख का इलाज कराने गए हुए थे। महिला घर पर अकेली ही थी। हादसे में तक ढकने के लिए कपड़े तक नहीं बचे। लगभग दो लाख का नुकसान हुआ है। गरीब परिवार के पास एक ही झोपड़ी थी, जिसमें सबकुछ रखा था। अब परिवार के पास न तन ढकने के लिए कपड़े हैं और न खाने के लिए अनाज। ऐसे में सिर्फ प्रशासन का ही सहारा है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद