कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के चेवता में उधार न देना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। बताया जा रहा है कि चेवता में राकेश चौरसिया की पान की गुमटी थी जिसमें उधार न देने पर आग लगा दी गई। आग इतनी ज्यादा बढ़ गयी कि उसकी चपेट में आने से दिनेश शर्मा नाई की दुकान भी जलकर राख हो गयी।
चेवता गांव निवासी राकेश चौरसिया पुत्र हरिलाल चौरसिया, चेवता बाजार में पान मटेरियल की होलसेल और जनरल स्टोर की फुटकर दुकान चलाते हैं। मंगलवार की रात करीब 10 बजे गांव के एक युवक ने उनसे उधार सामान मांगा। दुकानदार द्वारा उधार देने से इनकार करने पर दबंग युवक ने धमकी दी कि वह दुकान फूंक देगा। रोज की भांति राकेश दुकान बंद कर घर चले गए। रात साढ़े बारह बजे बाजार से किसी ने फोन कर सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लग गई है। जब तक राकेश और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, तब तक दुकान का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। इस दौरान दुकान में रखी 13 हजार रुपये नकदी सहित करीब दो लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। बुधवार की सुबह बाजार के लोग दुकान बंद कर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक ने कहा ये सिर्फ एक दुकान नहीं जली उसकी रोजी रोटी थी, जिसे सत्ता के गुंडों ने जलाया है। क्या इन गुंडों पर पुलिस कोई कार्रवाई करेगी या कानून के राज का ढोल यूं ही पीटा जाएगा।
रिपोर्ट-विजय कुमार