अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में लगी आग

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना क्षेत्र के लोहरा व तेजापुर गांव के सिवान में गेहूं की खेत में अचानक आग लग गई। पछुवा हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से भरसानी गांव की तरफ बढ़ने लगी। आग की सूचना मिलते ही आसपास के गांव के सैकड़ो लोग इकट्ठा होकर आग बुझाने में जुट गए। स्थानीय ट्रैक्टर चालक सोनू व नागेंद्र ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग की लपटों में ट्रैक्टर लेकर कूद पड़े और जुताई कर आग को गांव की तरफ बढ़ने से रोका।
ग्रामीणों ने बताया कि दमकल व पुलिस को सूचना देने के बाद भी कोई समय पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 नंबर पुलिस को भी दिया। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया तब तक कई किसानों का नुकसान हो चुका था।
स्थानीय किसान ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मेरा 5 बीघा खेत काटकर खेत में ही पड़ा था जो जलकर बर्बाद हो गया, जिसमें 70 से 80 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। आगलगी में नरेंद्र यादव तेजापुर ढाई बीघा, सुरेंद्र यादव ढाई बीघा, सतीश पाठक डेढ़ बीघा, सोनी यादव डेढ़ बीघा समेत लगभग दो दर्जन से अधिक खेत में पड़े फसल अवशेष (भूसा) आग की चपेट में आ गए। गलीमत रही की इन किसानों का खेत कट चुका था केवल फसल अवशेष (भूसा) जलने से नुकसान हुआ है।
आग बुझाने के बाद पुलिस व दमकल की गाड़ियां पहुंची लेकिन खेतों तक नहीं पहुंची जिससे स्थानीय ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी गई। फायर ब्रिगेड चालक राम प्रसाद ने बताया कि अतरौलिया क्षेत्र में दो जगह आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने के बाद अपनी क्षमता के मुताबिक गाड़ी घटना स्थल पर पहुंचती है। रास्ता व ट्रैफिक की वजह से लेट हो सकता है। सूचना मिलते ही गाड़ी तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना हो जाती है गाड़ी को रोड से खेत में उतारने पर पलटने का डर रहता है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *