फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया था।
बताया गया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर 6 जनवरी 2026 को प्रारंभिक प्रकाशन किया गया था। इसके बाद 6 जनवरी से 6 मार्च 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त कर उनका निस्तारण किया गया। अब 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन विधानसभा क्षेत्र 349 फूलपुर-पवई के सभी मतदेय स्थलों पर कर दिया गया है।
उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने बताया हैं कि यह मतदाता सूची आम जनता के निरीक्षण के लिए एक सप्ताह तक संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी। सभी पात्र मतदाता अपने-अपने नाम सूची में देख सकते हैं। यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह निर्धारित प्रपत्र-6 भरकर अपना दावा प्रस्तुत कर सकता है।
अंतिम प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,07,621 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,66,976 पुरुष, 1,40,636 महिला तथा 9 अन्य मतदाता शामिल हैं। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे सूची का अवलोकन कर अपनी जानकारी सुनिश्चित कर लें, ताकि आगामी चुनाव में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय