तहरीर लिखवाने के दौरान दो पक्षों में मारपीट

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर बाजार में पुलिस चौकी के पास सोमवार दोपहर तहरीर लिखवाने के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान धक्का लगने से सुजीत यादव 34 वर्ष पुत्र प्रसाद यादव रोड पर गिर पड़े और अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल के भतीजे बिंदेश यादव द्वारा गंभीरपुर पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, सड्डोपट्टी गांव के सुजीत यादव और शैलेश यादव पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र यादव सगे पटीदार हैं। दोनों के बीच एक कच्चे मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सोमवार सुबह दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। बाद में दोनों पक्ष पुलिस चौकी गंभीरपुर पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस चौकी के बगल में पुराने यूनियन बैंक के सामने तहरीर लिखवाते समय दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। आरोप है कि शैलेश और अनुराग ने सुजीत को धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसमें उनके पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना पर गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *