अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के छितौनी चौराहे के समीप मंगलवार की शाम दो बाइकों की जोरदार टक्कर में बेटे की छट्ठी में शामिल होने ससुराल आए 30 वर्षीय राहुल यादव की मौत हो गई। हेलमेट न लगाने से सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट मौत की वजह बनी। इससे ससुराल में जहां खुशी थी वहां मातम छा गया और पूरे परिवार में कोहराम मच गया। दूसरे बाइक पर सवार अंबेडकर नगर के राजे सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के गढ़वल गांव निवासी दीपक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अतरौलिया स्थित अमर शहीद राजा जयलाल सिंह सौ शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
रामचंद्र यादव ने अपनी पुत्री सविता की शादी कंधरापुर के मंदुरी निवासी राहुल यादव से चार साल पहले की थी। पुत्री को पहला गर्भ था लिहाजा वह बेटी को अपने यहां बुला लिया था। अभी छह दिन पहले ही बेटी को बेटा होने से पूरे परिवार में खुशी की लहर थी। इसे धूमधाम से मनाया गया, जिसमें राहुल भी शामिल होने पहुंचा। हालांकि यह खुशी एक दिन भी नहीं रुकी और मंगल अमंगल हो गया। राहुल पास ही ससुर के घर जाने के लिए बाइक से निकला कि उसी दौरान बड़ा हादसा हो गया। आस पास के लोग तत्काल चिकित्सालय ले गए, जहां डाक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया तथा दूसरा बाइक चालक दीपक सिंह पुत्र इंद्रजीत निवासी गढ़वल थाना राजेसुल्तानपुर, अम्बेडकर नगर जीवन मौत से जूझ रहा है। टक्कर इतना तेज था कि दोनों बाइकों के परखच्चे तक उड़ गए। इधर मौत की खबर सुनते ही ससुराल में कोहराम मच गया, परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई और पूरे परिवार में चीख पुकार सुनाई देने लगी। मौके पर क्षेत्राधिकारी मंजय कुमार, अंतरौलिया प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह भी पहुंचे और शव को कब्ज़े में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गए।
रिपोर्ट-आशीष निषाद