स्कार्पियो की चपेट में आने से पिता की मौत, पुत्र घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कमालगंज (गोसाईगंज) बाजार में शनिवार की रात लगभग 9 बजे दुकान बंद कर घर जाते समय स्कॉर्पियो की चपेट में आने से पिता पुत्र घायल हो गए। घायलावस्था में दोनों को जौनपुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां रविवार की सुबह तड़के पिता की मौत हो गई तथा पुत्र का इलाज चल रहा है।
बरसेरवा गांव निवासी सियाराम विश्वकर्मा 60 वर्ष पुत्र राम अवतार तथा अजय विश्वकर्मा 30 वर्ष पुत्र सियाराम की कमालगंज (गोसाईगंज) में फर्नीचर की दुकान है। रोज की तरह दोनों पिता पुत्र दुकान बंद करके रात 9 बजे के करीब बाइक से घर जा रहे थे। अपनी दुकान से लगभग 100 मीटर दूर गए ही थे कि जौनपुर की तरफ से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें पिता पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो चालक वाहन के साथ फरार हो गया। कुछ देर के बाद राहगीरों व बाजार वासियों के इकट्ठा होने पर घायलों के परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद परिजनों ने दोनों को आनन फानन में जौनपुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां रविवार को सुबह तड़के सियाराम की मौत हो गई। परिजन सियाराम के शव को लेकर घर वापस आ गए और डायल 112 को सूचना दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है लेकिन परिजनों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। मृतक के पास तीन पुत्र हैं जिसमें घायल अजय तीसरे नंबर का है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *