आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजमगढ़ महोत्सव 2025 के अवसर पर मिलेट्स पुनरुद्धार योजना (राज्य सेक्टर) 2025-26 के अंतर्गत मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा शुभारंभ किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यहां पर मिलेट्स की खेती होती है, परंतु प्रोसेसिंग यूनिट की कमी है, जिसके कारण किसानों को अच्छी कीमत नहीं मिल पाती है। साधारणतया इसमें सात प्रकार के श्री अन्न होते हैं, उनकी औसत कीमत बाजार में खेत से निकलने के बाद 30 रुपया प्रति किग्रा तक होती है। उन्होंने कहा कि यदि इस श्री अन्न की प्रोसेसिंग और ब्रांडिंग कर दी जाए तो दिल्ली जैसे बड़े शहरों के बाजार में छोटे-छोटे पैकेट भी 100 रुपये पाव से लेकर 200 रुपये पाव की कीमत में मिलते हैं। बड़े शहरों के माल में तो कभी एक पाव की कीमत रु. 200 तक भी होती है। इस प्रकार देखा जाए तो कीमतों में बहुत भिन्नता होती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के गैप को कम करने के लिए कुछ सलाह, सुझाव और मोटिवेशन का कार्यक्रम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब मोटिवेशन होगा, प्रोसेसिंग यूनिट आएगी तो किसानों को अच्छे दाम भी मिलेंगे, जब अच्छे दाम मिलेंगे तो खेती भी बढ़ेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि पैदावार बढ़ने से प्रोसेसिंग यूनिट लगेगी तथा प्रोसेसिंग होकर मिलेट्स जब मार्केट में आएगा तो उसका अच्छा रेट मिलेगा। यहां प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की जरूरत है, जिसके लिए एफपीओ आगे आए। उन्होंने कहा कि यदि प्रोसेसिंग यूनिट लगाने में लोन की आवश्यकता है तथा लोन लेने में यदि किसी प्रकार की दिक्कत है, तो हमसे सीधे जनता दर्शन में मिल सकते हैं।
जिलाधिकारी ने विभिन्न होटल उद्यमियों द्वारा लगाए गए मिलेट्स के उत्पाद की प्रदर्शनी का शुभारंभ तथा अवलोकन भी किया। मिलेट्स की रेसिपी बनाने वाले होटल दीप कॉन्टिनेंटल के राजेश भूरिया, गोल्डन फॉर्चून के मनोज शर्मा, प्रयाग स्वीट्स के अतुल अग्रवाल, लीला स्वीट्स के अजय जायसवाल, साई होटल के अर्जुन कुमार यादव, रघुकुल ग्राड्स के मनोज, माधुरी रसोई के राजेंद्र सिंह बिष्ट, महावीर स्वीट्स के चंद्र प्रकाश शर्मा, पद्मालय फूड रेस्टोरेंट के अंकुर मित्तल, न्यू फेमस बेकरी के असीम अब्बासी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर उप निदेशक कृषि आशीष कुमार, सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
रिपोर्ट-सुबास लाल