फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वर्षों पहले जिस शारदा सहायक खण्ड 32 (फूलपुर रजवाहा) खेती के लिए रामबाण साबित हुई थी वही रजवाहा आज अधिकारियों की उदासीनता में चलते मुसीबत बना हुआ है। समय से पानी न छोड़े जाने से खेतों में खड़ी धान की फसल सूख रही हैं। किसानों ने शीघ्र पानी छोड़े जाने की मांग की है।
क्षेत्र के शिव कुमार, रामनरायन, मो.सलमान, अच्छेलाल, अरविंद यादव, सत्यप्रकाश आदि किसानों का कहना है कि शारदा सहायक खण्ड 32 से फूलपुर तहसील में खेमीपुर, बागबहार, भुखली, मैगना, गोधना, आंधीपुर, हथनौरा, सहजेरपुर आदि दर्जनों गांवों के किसान फसलों की सिंचाई के लिए फूलपुर रजवाहा पर निर्भर हैं। रजवाहा और उससे निकले माइनरों द्वारा सैकड़ों हेक्टेयर फसलों की सिंचाई की जाती है। धान की फसल में बाली आने का समय चल रहा है। इस समय धान की फसल की सिंचाई आवश्यक है। विभागीय इंजीनियरों की उदासीनता के चलते रजवाहा में पानी नहीं है जिसके चलते खेतों में फसलें सूख रहीं हैं। अधिकारियों की पिछले कई वर्षों की उदासीनता को देखते हुए कुछ किसानों ने नहर के बगल में बोरिंग करा लिया है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय