पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज ब्लॉक अंतर्गत पटवध कौतुक गांव में लंबे समय से आवारा पशुओं के आतंक से किसान काफी परेशान थे। ये पशु रात के समय खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर रहा था। इतना ही नहीं, कई बार ये पशु पालतू मवेशियों पर भी हमला कर देते थे, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ था।
ग्रामीणों ने बताया कि गेहूं, चना और सब्जियों की फसल को इन आवारा पशुओं द्वारा भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। किसान पूरी रात खेतों की रखवाली करने को मजबूर थे, फिर भी फसल को बचा पाना मुश्किल हो रहा था। परेशान होकर गांव के लोगों ने इस समस्या की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ग्राम विकास अधिकारी अभय नारायण राय तथा पशुधन विकास अधिकारी डॉ सत्येंद्र कुमार ने सरकारी वहां बुलाकर ग्रामीणों और सफाई कर्मचारियों के सहयोग से अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद गांव में घूम रहे दो आवारा पशुओं को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। इसके बाद उन्हें सरकारी वाहन से गदनपुर हिच्छनपट्टी स्थित बृहद गौशाला में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान गांव के कई लोग भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और पशुओं को पकड़ने में सहयोग किया। इनमें संतोष राय, पप्पू राय, रामप्यारे राय, प्रशांत राय उर्फ मोनू, अरविंद राय, सुरेंद्र राय उर्फ महंत राय, रविंद्र नाथ राय, चंद्र प्रकाश राय, अखिलेश राय और रामकुअर राय सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय