फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील क्षेत्र में तिलहन की प्रमुख फसल सरसों पककर तैयार हो गई है। छोटे-बड़े सभी किसान इन दिनों सरसों की कटाई कराने में जुटे हुए हैं। किसान जल्द से जल्द फसल काटकर मड़ाई कर सुरक्षित घरों में रखना चाहते हैं, क्योंकि मौसम खराब होने की आशंका से फसल को नुकसान का खतरा बना हुआ है।
एक साथ कटाई शुरू होने से क्षेत्र में मजदूरों की कमी भी देखने को मिल रही है। महिला मजदूर सरसों की कटाई के लिए करीब साढ़े तीन सौ रुपये प्रतिदिन मजदूरी मांग रही हैं, जबकि ढुलाई का खर्च अलग से देना पड़ रहा है। ऐसे में कई किसान कम्बाइन मशीन से कटाई कराना अधिक सुविधाजनक समझ रहे हैं।
रविवार को सुदनीपुर गांव में कम्बाइन मशीन से सरसों की कटाई का कार्य तेजी से चलता दिखाई दिया। गांव के कई किसान अपनी-अपनी फसल कटवाने के लिए कम्बाइन मशीन मालिक से नंबर लगवा रहे हैं और खेत दिखा रहे हैं। कम्बाइन मशीन से कटाई के लिए करीब 1800 रुपये प्रति बीघा का किराया लिया जा रहा है। किसानों का कहना है कि समय पर फसल कटकर घर पहुंच जाने से उन्हें काफी राहत और संतोष मिल रहा है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय