फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मौसम की बेरुखी और नहर विभाग की उदासीनता से पानी के लिए किसानों में हाहाकार मचा हुआ है। फूलपुर तहसील क्षेत्र की सभी नहरें महीनो से सूखी हुई हैं। पानी नहीं आने से इस गर्मी में हजारों किसान एवं पशु पक्षी पानी के लिए बेहाल हैं। किसानों की धान की नर्सरी, उर्दी, बाजरा, ढैचा आदि की फसल सूख रही है, धान की रोपाई नही हो पा रही है। वहीं विभागीय अधिकारी उदासीन बने हुए हैं जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
शारदा सहायक खण्ड 32 के फूलपुर रजवाहा की नहर से दर्जनों माइनर निकले हुए हैं। इसी नहर और माइनर से सैकड़ो गांव के किसान खेती किसानी करते हैं। नहर में पानी न आने से क्षेत्र के हजारों किसान पानी के लिए परेशान हैं। खेमीपुर, बागबहार, भूखली, गोधना, मैगना, डेहरी, बसही, करौजा, आंधीपुर, अम्बारी, कुसहा, मक्खापुर, खैरुद्दीनपुर, शहजेरपुर, हथनौरा, खोरासो आदि दर्जनों गांव के किसान नहर के पानी से खेती करते हैं। किसानों के धान की नर्सरी, उर्दी, बाजरा, ढैचा, सब्जी आदि बोई गई फसल सूख रही है। धान की रोपाई के अलावा मक्का, दलहन की बुवाई नहीं हो पा रही है। एक तरफ मौसम की बेरुखी और दूसरी तरफ विभागीय उदासीनता से किसान और पशु-पक्षी पानी के लिए बेहाल हैं। क्षेत्र के डॉ.डीके राय, राम मिलन, हाजी सफीक अहमद, सत्य प्रकाश यादव, पूर्व प्रधान बृजेश यादव, अरबिंद उर्फ बबलू राय, नसीम अहमद, रामफेर यादव, चन्द्रभान आदि ने उच्चाधिकारियों से तत्काल नहर में पानी छोड़े जाने की मांग की है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय