आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजनान्तर्गत 100 कृषकों के 5 दिवसीय राज्य के अन्तर्गत भ्रमण, प्रशिक्षण दल को श्रीप्रकाश गुप्ता मुख्य विकास अधिकारी द्वारा हरी झण्डी दिखाकर आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या के लिये रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि भ्रमण दल के कृषकों को विश्वविद्यालय में आयोजित 2 दिवसीय किसान मेले में प्रतिभाग कराया जायेगा तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों पर कृषि वैज्ञानिकों, प्राध्यापकों के माध्यम से कृषि की नवीन विधाओं, शोध के बारे में परिचित कराया जायेगा। कृषक दल गन्ना अनुसंधान संस्थान तथा सीमैप लखनऊ, बाराबंकी एवं एक्सीलेन्स सेन्टर अयोध्या भी जायेगा, जहां कृषि, पशुपालन, बागवानी, मशरूम उत्पादन, जैविक खेती, मधुमक्खी व रेशम पालन तथा जीरो बजट खेती पर प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।
उप कृषि निदेशक, आजमगढ़ मुकेश कुमार ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप कृषकों की आय दोगुनी किये जाने के क्रम मंे यह कार्यक्रम महती भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम से प्रशिक्षित कृषक स्वयं तथा अपने सम्पर्क में आने वाले अन्य कृषकों को तकनीकी से अवगत कराते हुए लाभान्वित करायेंगे, जिससे उनके उत्पादन एवं उनकी आय में गुणोत्तर वृद्धि हो सके। इस कार्यक्रम का संयोजन जन सेवाश्रम चक्रनगरम चकिया, आजमगढ़ एवं अंकित अनुसूचित संस्थान बरहज, देवरिया तथा गरीब उत्थान संस्थान पवई, आजमगढ़ द्वारा किया जा रहा है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार