मां के प्रति आस्था अपार, दूसरे दिन भी दर्शन को लगी कतार

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को भी भक्तों के मन में मां के प्रति अपार आस्था दिखी। आस्था के सागर में श्रद्धालु डुबकी लगाते रहे। जनपद के विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मां के जयकारे से सभी देवी मंदिर गूंज उठे। चारों तरफ धूप-दीप व अगरबत्ती की खुशबू से वातावरण सुवासित हो उठा। चौक स्थित दक्षिणमुखी देवी दरबार में भोर से ही श्रद्धालुओं की लाइन लग गई थी। मां के जयकारे से माहौल दुर्गामय हो गया है।
दक्षिणमुखी देवी दरबार को विद्युत झालरों से सजाया गया है। सुबह से शुरू हुआ पूजन-अर्चन देर रात तक चलता रहा। घंट-घड़ियाल की ध्वनि से माहौल भक्तिमय हो गया है। यहां सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिस की भी तैनाती की गई है। इसी प्रकार शहर के बड़ादेव मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन को लोगों का तांता लगा रहा। यहां पुजारी बारी-बारी से सभी को दर्शन पूजन कराते रहे। शहर के रैदोपुर स्थित दुर्गा मंदिर में भी सुबह से लोग-पूजन अर्चन कर रहे थे। लगभग सभी मंदिरों के बाहर खिलौना-गुब्बारे की दुकानें लगी थीं। भक्तिगीतों से वातावरण देवीमय हो गया है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *