आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश दिवस पर कलेक्ट्रेट बेसमेन्ट में सूचना विभाग, पर्यटन विभाग, महिला कल्याण विभाग, आईसीडीएस, उद्योग विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, डाक विभाग, समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग विभाग, उद्यान विभाग, श्रम विभाग, एनआरएलएम द्वारा लगायी गयी। प्रदर्शनी का जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज व मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला ने फीता काटकर शुभारम्भ किया। अधिकारी द्वय ने प्रत्येक स्टाल का अवलोकन किया। साथ ही सूचना एवं पर्यटन विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस एवं धार्मिक स्थलों के सम्बन्ध में लगायी गयी स्टैण्डी का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट बेसमेन्ट में विभिन्न विभागों द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगायी गयी है। उन्होंने आम जनता से प्रदर्शनी में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होने बताया कि आज शासन द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, धान, गेहूॅ क्रय, छात्रवृत्ति, पेंशन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में धनराशि प्रेषित की जा रही है। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक तभी पहुंच सकता है, जब सभी अधिकारी, कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला ने उत्तर प्रदेश दिवस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नेहरू हाल के सभागार में विभिन्न विभागों के लाभार्थियों एवं अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, साड़ी, लैपटॉप, प्रशंसा पत्र दिया गया। इसी के साथ ही विभिन्न विभागों में अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार