ईद पर जनपद में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को जनपद में आपसी भाईचारे और सौहार्द्र के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं की गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
जनपद में कुल 358 ईदगाहों और 278 मस्जिदों में नमाज अदा की गई। इसके लिए लगभग 1200 सिविल पुलिस, 3 कंपनी पीएसी, 24 क्यूआरटी टीमें, एलआईयू, 600 होमगार्ड, 350 पीआरडी जवान और डायल 112 पुलिस को तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरे जिले में शांति और व्यवस्था बनी रही।
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने बदरका ईदगाह पर अलसुबह ही पहुंच कर मुस्लिम भाइयों से मुलाकात कर उन्हें गले लगा कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिब्ली मंजिल में जाकर ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हुए। उन्होंने विधायक आलम बदी आजमी, नफीस अहमद, शाह आलम गुड्डू जमाली, नगर पालिका अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर, नदीम अहमद, मोहम्मद अशफ़र, मास्टर जाहिद बेग आदि के घर जाकर सेवइयों की मिठास चखी। इस अवसर पर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, अब्दुल्लाह अलाउद्दीन, यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष जोरार खान, विपिन यादव आदि उपस्थित रहे।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बलराम यादव और ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने मस्जिद पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं। नमाज के बाद पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री बलराम यादव ने कहा कि ईद का त्योहार केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे देश का पर्व है। उन्होंने कहा कि हिंदू और मुसलमान के बीच कोई भेद नहीं है। धर्म और पूजा पद्धति अलग हो सकती है, लेकिन देश की खुशहाली और तरक्की के लिए हम सभी एकजुट हैं। उन्होंने देश और दुनिया में शांति, सौहार्द और विकास की कामना की। ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा कि अतरौलिया में गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा आज भी जीवंत है। एसडीएम अभय राज पांडे, थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने शांतिपूर्ण ढंग से दोनों मस्जिदों पर ईद की नमाज अदा करवाई।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, राधेश्याम यादव, मुस्ताक कुरैशी, जामा मस्जिद के इमाम अब्दुल बारी नईमी, हाफिज महमूद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
माहुल प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को ईद की नमाज शान ए अकीदत के साथ अता की गई। मुस्लिम बंधुओं ने नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिल कर ईद की बधाई दी और ईद की मिठास का प्रतीक सिवई की मिठास दिन भर घरों से निकलती रही। माहुल के पवई रोड स्थित ईदगाह पर सुबह साढ़े सात बजे ईद की नमाज अता हुई। जिसमें माहुल के चेयरमैन लियाकत अली, एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, अहरौला ब्लॉक प्रमुख शकील अहमद, हाजी अकरम खान, अनवर इदरीसी, पूर्व चेयरमैन बदरे आलम भाजपा नेता सलमान कुरैशी ने नमाज अता किया और अल्लाह से लोगों के तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। मोलनापुर में मुशीर अहमद, निजामपुर में पूर्व विधायक अबुल कलाम, मखदुमपुर में पूर्व विधायक हाफिज इरशाद ने अपने समर्थकों के साथ नमाज अता किया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध रहे।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार बिलरियागंज क्षेत्र के छिहीं, छिछोरी, विन्दवल, जयराजपुर, शेखूपुर, अशरफपुर और भावापुर सहित विभिन्न गांवों में अलग-अलग स्थानों पर नमाज अदा की गई। इस दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता की सुंदर झलक भी देखने को मिली, जहां विभिन्न समुदायों के लोग एक-दूसरे को बधाई देने पहुंचे। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आरिफ, गोपालपुर विधायक नफीस अहमद, समाजसेवी मोहम्मद फैज, सभासद अनवार, ग्राम प्रधान फैजान अहमद आदि ने भी लोगों से मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ की। ईरान और फिलिस्तीन से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर कुछ लोगों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जताया और अल-अक्सा मस्जिद में नमाज पर रोक के मुद्दे को उठाया।
फरिहां प्रतिनिधि के अनुसार फरिहा गांव स्थित ईदगाह, सुराई, चकिया हुसेनाबाद, परसहा, में ईद-उल-फितर की नमाज़ बड़े ही अकीदत और शांति के माहौल में अदा की गई। नमाज़ अदा करने के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह, तहसीलदार निजामाबाद चमन सिंह राणा, थानाध्यक्ष निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह की मौजूद रहे। शाह आलम फराही ने बताया कि फरिहा की यह ईदगाह पूरे गांव के लिए एक अहम इबादतगाह है, जहां हर साल बड़ी संख्या में लोग ईद की नमाज़ अदा करने के लिए इकट्ठा होते हैं। उन्होंने देशवासियों को ईद-उल-फितर की दिली मुबारकबाद दी और सभी के लिए खुशहाली, तरक्की और सलामती की कामना की।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर महराजगंज क्षेत्र की सभी मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। निर्धारित समय पर इमाम ने विशेष नमाज अदा कराई और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी गई। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़े पहनकर ईदी पाने और मिठाइयों का आनंद लेने में मग्न रहे। सेवइयां, मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए और मेहमानों का स्वागत किया गया। प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर मेले जैसा माहौल रहा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेहनाजपुर थाना प्रभारी मनीष पाल अपने पुलिस दल के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त करते नजर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति बनी रही।
इसी क्रम में गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी शिवराजपुर, जमालपुर, मदारपुर, मंगरावां रायपुर, गंभीरपुर, छाऊं, कमरावां, चिवटही, नेगवां, मुहम्मदपुर, मखदुमपुर समेत अनेक जगह ईदगाह पर ईद की नमाज अदा की गई। गंभीरपुर ईदगाह पर हाफिज अबू सईद कासमी ने ईद की नमाज अदा कराई। गंभीरपुर ग्राम प्रधान संतोष कुमार ईदगाह पर पहुंचकर सभी लोगों को ईद की बधाई दिए। इस मौके पर नसीम अहमद, अयूब, लल्लन, इमरान, लालमुहम्मद, शाह फैशल, राशिद, अब्दुल्लाह, हुरैरा, नोमान, गुफरान, नदीम आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *