आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा सुशासन व गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य सभा सांसद नीरज शेखर ने कहा मोदी के कार्यकाल के 11 वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियां गिनायी।
उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सीमा सुरक्षा की, अर्थव्यवस्था मजबूत की और टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाया है। भारत में ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को, एयरबेस को ध्वस्त कर यह दिखा दिया कि अब मोदी के नेतृत्व में यह नया भारत केवल शांति की बातें नहीं बल्कि घर में घुसकर आतंक का सफाया करता है। पूरे विश्व को प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय धरती पर किसी भी हमले को युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन युद्ध के दौरान ऑपरेशन गंगा , अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के समय ऑपरेशन देवी शक्ति और कोविड में वंदे भारत मिशन के जरिए मोदी सरकार करोड़ों भारतीयों को विदेशों से सुरक्षित लेकर आई। रूस यूक्रेन युद्ध के दौरान तो अन्य देशों के नागरिक भी भारतीय झंडे को लहरा कर अपना बचाव कर रहे थे। आज भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ला, जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह, जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर, अशोक सिंह, मुराहू राजभर, ब्रजेश यादव व विवेक निषाद मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार