जिलाधिकारी ने किया महिला व मंडलीय चिकित्सालय का निरीक्षण
आजमगढ़ (सृष्टि मीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने गुरूवार को जिला महिला चिकित्सालय एवं मंडलीय चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होने महिला चिकित्सालय के वार्डों में जाकर महिला मरीजों से उनके उपचार से संबंधित जानकारी प्राप्त किया। उन्होने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों को सभी दवायें अस्पताल से ही दिया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि भर्ती मरीजों को समय-समय पर निर्धारित मानक के अनुसार खाना दिया जाय। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चिकित्सालय परिसर को साफ-सुथरा एवं स्वच्छ रखा जाय। उन्होने कहा कि परिसर में कहीं गंदगी न दिखे तथा जगह-जगह कूड़ा डालने के लिए डस्टबिन रखी जाय।
जिलाधिकारी ने इसके पश्चात जिला मंडलीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होने आपातकालीन वार्ड, माइनर ओटी, आपरेशन थियेटर, प्राइवेट वार्ड, आईसीसीयू वार्ड, सर्जन कक्ष, शेफ हाउस का निरीक्षण किया। उन्होने आपातकालीन वार्ड में जाकर मरीजों से दवा, भोजन तथा अन्य प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आईसीसीयू वार्ड एवं हीमोडायलिसिस वार्ड में प्रोटोकाल का पालन सख्ती से कराया जाए। उन्होने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि शासन द्वारा जो सुविधाएं मरीजों को दी जा रही है, उसका शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाय। उन्होने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत कार्ड धारक मरीजों का निःशुल्क ईलाज सुनिश्चित किया जाय। उन्होने निर्देश दिया कि पूरे चिकित्सालय परिसर को साफ-सुथरा एवं स्वच्छ रखा जाय। जगह-जगह डस्टबिन रखा जाय। निरीक्षण के दौरान कोविड-19 वार्ड, आक्सीजन प्लांट, आईसीसीयू वार्ड तथा हीमोडायलिसिस वार्ड क्रियाशील मिले।
रिपोर्ट : धीरज राय