मुख्य अभियंता के व्यवहार से अभियंताओं में आक्रोश

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ क्षेत्रीय शाखा उत्तर प्रदेश की एक आकस्मिक बैठक शहर स्थित एक होटल के सभागार में हुई। बैठक में आजमगढ़ क्षेत्र के तीनों जनपद आजमगढ़, मऊ और बलिया के अभियंताओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने विभाग में व्याप्त विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार करने और वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की रणनीति तैयार की।
अभियंताओं ने वर्तमान मुख्य अभियंता के व्यवहार पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। वक्ताओं का कहना था कि मुख्य अभियंता द्वारा संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है तथा बार-बार स्थानांतरण जैसी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके द्वारा किए जा रहे अशोभनीय और अमर्यादित व्यवहार से अभियंताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
अभियंताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि मुख्य अभियंता द्वारा अपने अधीनस्थ अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंताओं पर भी दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वे उपखंड अधिकारियों और अवर अभियंताओं पर अनावश्यक दबाव डालने को मजबूर हो रहे हैं। इससे निगम की कार्यशैली प्रभावित हो रही है और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
अभियन्ताओं ने यह भी कहा कि मुख्य अभियन्ता द्वारा लगभग प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाती है, जो अक्सर काफी लंबी यानी “मैराथन वीसी” के रूप में चलती है। इसके अलावा बैठकें भी किसी भी समय शुरू हो जाती हैं और उनके समाप्त होने का कोई निश्चित समय नहीं होता, जिससे कार्य व्यवस्था प्रभावित होती है। सदस्यों ने मांग की कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन साप्ताहिक किया जाए और उसका समय भी निर्धारित हो, ताकि कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके। अध्यक्षता इं. उपेन्द्र नाथ चौरसिया तथा संचालन इं. तुषार श्रीवास्तव ने किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *