पांच वर्ष बाद भी वनवासी गांव में नहीं पहुंची बिजली

शेयर करे

मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रयागराज-गोरखपुर मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत बरदह स्थित गजराज पोखरा पर बनवासी बस्ती के लोग लगभग 25 परिवार के जिनकी जनसंख्या लगभग 300 के आसपास है, वहां विद्युत विभाग द्वारा आज से 5 साल पहले खंभा तार तो फैला दिया गया और कुछ घरों में बिजली के मीटर भी लगा दिए गए लेकिन विद्युत आपूर्ति आज तक बहाल नहीं की गई है।
बनवासी बस्ती के नीरज, हरिवंश, विजय, लालमन, विमल, शीला, तारा, अनिल, मांजू, प्रमोद, डिंपल, विद्या, कुसुम लता आदि दर्जनों लोग पीड़ित हैं। इनका आरोप है कि बिजली का तार और खंभा लगा कर मीटर भी लगा दिया गया जो मात्र शोपीस साबित हो रहा है। हम लोगों के घर में भी पढ़ने लिखने वाले बच्चे हैं और आज भी हम लोग लालटेन युग में जी रहे हैं। शासन की मंशा है कि बनवासी बस्ती को समस्त सरकारी सुविधा उपलब्ध कराई जाए लेकिन यहां बिजली का खंभा, तार और मीटर लगा करके बनवासी बस्ती को संतृप्त कर दिया गया है। जबकि हकीकत यह है कि यहां आज तक एक भी बल्ब नहीं जल सका। क्षेत्रीय लोगों ने विभागीय लोगों का ध्यान आकृष्ट कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में अवर अभियंता विद्युत केंद्र बरदह ने बताया कि मुझे आए हुए अभी बहुत कम समय हुआ है। जानकारी नहीं थी, मौके पर पहुंचकर इस समस्या का निस्तारण करेंगे।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *