फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत बिल राहत योजना की अवधि समाप्त होने के बाद सरकार ने उपभोक्ताओं को एक बार फिर राहत देने का फैसला लिया है। अब मार्च माह में भी उन उपभोक्ताओं को छूट का लाभ दिया जाएगा, जिन्होंने पूर्व निर्धारित अवधि के दौरान पंजीकरण कराया था, लेकिन किसी कारणवश बकाया बिल जमा नहीं कर सके थे।
इसी क्रम में विद्युत वितरण खंड फूलपुर के अंतर्गत सभी अवर अभियंता अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। अधिकारी गांव-गांव जाकर बकायेदार उपभोक्ताओं को जागरूक कर रहे हैं और बकाया जमा कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सुदनीपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता देवेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ नगर पंचायत फूलपुर और ग्राम पंचायत चमावा में अभियान चलाया। इस दौरान करीब एक लाख 15 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। बिजली का दुरूप्योग करते पाए गए तीन उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि तीन अन्य उपभोक्ताओं का भार बढ़ाया गया।
अधिशासी अभियंता हरीश प्रजापति ने बताया कि शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विद्युत वितरण खंड फूलपुर के सभी उपकेंद्रों और कैश काउंटरों को सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी खोले जाने का निर्णय लिया गया है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय