फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत फरिहा उम्मा के पूरा गांव में कई वर्षों से कच्चे मकान में रह रहे वृद्ध पति पत्नी का आशियाना बरसात ने उजाड़ दिया। उनका कच्चा मकान गिर गया जिससे वे खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं।
सीताराम 80 वर्ष पुत्र सहदेव कई वर्षों से अपनी पत्नी के साथ कच्चे मकान में रह रहे थे। रविवार की सुबह बरसात के पानी से उनका मकान गिर गया। जब मकान गिरा तो दंपति मकान से बाहर थे अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। मकान गिरने से मकान के अंदर रखा सामान मलवे में दब गया। ग्राम प्रधान अबु बकर ने मौके पर पहुंचकर नुकसान हुए सामानों के लिए कुछ धनराशि देने की सांत्वना दी। कच्चा मकान गिरने से बुजुर्ग दम्पत्ति घर से बेघर हो गये। बाहर छप्पर डालकर रहने को मजबूर हो गये। बुजुर्ग दंपति ने बताया कि आवास के लिए सभी अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों का चक्कर लगाते रहे लेकिन आवास नहीं मिल पाया। सिर्फ आश्वासन ही मिला। हम लोग मजदूरी करके किसी तरह से जीवन यापन करते हैं। हमारी गुहार किसी अधिकारी ने नहीं सुनी।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव