मीरजापुर में स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रभारी चलाएंगे विशेष अभियान
मीरजापुर। जिले में स्वच्छता के संदेश के साथ जिले के सभी चार निकायों में स्वच्छ भारत मिशन नगरीय अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पांच से 12 जनवरी तक चलने वाले अभियान को स्वच्छ ढाबा रेस्टोरेंट नाम दिया गया है। इसके अंतर्गत ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य भोजनालयों में स्वच्छता का निरीक्षण किया जायेगा। इन लोगों को यहां से निकले वाले अपशिष्ट का वैज्ञानिक विधि से निस्तारण करने की जानकारी दी जायेगी। गीले कूड़े से संचालक खुद खाद बनाएंगे, जबकि सूखा कूड़ा नगर पालिका के कर्मचारी पहले की तरह ले जाएंगे। यह जानकारी स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रभारी संजय सिंह ने दी। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वाले ढाबों पर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
खाद बनाने की दी जाएगी जानकारी
खबरनवीसों को जानकारी देते हुए संजय सिंह ने बताया कि अभियान का मकसद लोगों को स्वच्छता से जोड़ना है। व्यक्ति के अंदर खुद की रुचि पैदा करके ही सफलता प्राप्त किया जा सकता हैं। हर वक्त हर जगह सफाई कर्मी तैनात नहीं किया जा सकता। बताया कि नगर के अलावा मुख्य मार्गों पर अधिक संख्या में ढाबा, रेस्टोरेंट संचालित हैं। इन प्रतिष्ठानों से प्रतिदिन भारी मात्रा में अपशिष्ट निकलता है। अपने यहां निकलने वाले अपशिष्ट को अब खुद वैज्ञानिक विधि से उसका निस्तारण करने के क्रम में उसे डंप करके खाद बनाया जा सकता है, जिसके लिए स्वच्छ ढाबा अभियान चलाया जा रहा है।
सफाई का रखें विशेष ख्याल : अंगद गुप्ता
इस अभियान में ढाबों रेस्टोरेंट को अपने निकलने वाले अपशिष्ट को गीला और सूखा में बांट कर निस्तारित करना होगा। ढाबों एवं रेस्टोरेंट पर नीला एवं हरा डस्टबिन रखना होगा। प्रतिष्ठानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी से प्रतिबंधित किया गया है। अभियान के दौरान शौचालय के रख रखाव और सफाई का भी निरीक्षण किया जायेगा। तय मानकों पर खरा उतरने पर ढाबा और रेस्टोरेंट को रैंकिंग के आधार पर पुरस्कार दिया जायेगा। वहीं, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता ने बताया कि सभी ढाबे और रेस्टोरेंट अपनी तैयारियां पूरी कर लें। सरकार की मंशा के अनुसार ढाबों पर सफाई रखें। कूड़े का निस्तारण भी वैज्ञानिक विधि से करें। आठ दिवसीय अभियान में टीम कभी भी औचक निरीक्षण कर सकती है।