लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के टिकरगाढ़ गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर करीब 8 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। घटना में किसान श्यामधारी सरोज की 5 बीघा तथा झिनकू सरोज की 3 बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। बताया जा रहा है कि संबंधित भूमि पर सियाराम राय और शोबरन राय के खेत में खेती की जा रही थी। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड ने फोन कॉल रिसीव नहीं किया, जिससे नुकसान और बढ़ गया। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद