स्कूल चलो अभियान को रफ्तार देने में जुटा शिक्षा विभाग

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र अतरौलिया पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव पाठक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी, एआरपी, एसआरजी के साथ-साथ क्षेत्र के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। समीक्षा का मुख्य केंद्र ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘निपुण भारत मिशन’ रहा।
बीएसए राजीव पाठक ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र में पिछले वर्ष की तुलना में कम से कम 10 प्रतिशत अधिक नामांकन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और उन्हें सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं के प्रति जागरूक करें। साथ ही बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) के अंतर्गत सभी विद्यालयों को शीघ्र ‘निपुण’ बनाने पर बल दिया।
बीएसए ने कहा कि केवल नामांकन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना भी शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें और पूर्ण यूनिफॉर्म में भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य में सहयोग करें। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से ड्रेस, जूते-मोजे एवं स्कूल बैग के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *