आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में बुधवार सुबह 30 वर्षीया गृहणी अंजू पत्नी विकास ने घर में पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
उक्त गांव निवासिनी अंजू मंगलवार की रात रोज की तरह भोजन करने के बाद अपनी पुत्री अनुष्का के साथ सो गई थी। बुधवार की अल सुबह करीब 5 बजे जब बेटी की नींद खुली तो उसने अपनी मां को पंखे से लटका देखा। नज़ारा देखकर वह चीखने लगी, जिसके बाद घरवालों और पड़ोसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंजू दो पुत्रों और एक पुत्री की मां थी। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट-सुबास लाल