ठेला, खोमचा की वजह से आए दिन लग रहा जाम

शेयर करे

माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर की सड़कों और पटरियों पर अतिक्रमण की वजह से रोजाना ही बाजार जाम के झाम से जूझ रहा है जिसके कारण आम जनमानस काफी परेशान है। यही नहीं आधी सड़क पर ठेले और खोमचे लगाए जाने के साथ ही आटो खड़े हो रहे हैं परंतु इस समस्या के प्रति यहां का नगर पंचायत प्रशासन औऱ फूलपुर तहसील प्रशासन उदासीन बना हुआ है।
माहुल बाजार का चाहे वह पवई जाने वाला मार्ग हो या फिर अहरौला या अम्बारी रोड या फूलपुर हर रोड पर दुकानदारों ने पटरियों तक अपनी दुकान लगा रखी है। मुख्य चौक का हाल यह है कि सड़क पर ही लोगों ने दुकान लगा रखी है। उसके बाद आधी सड़क तक ठेला औऱ खोमचा वाले छोटे दुकानदारों ने कब्जा जमा रखा है। बाजार में आए ग्राहकों के वाहनों के सड़क पर खड़े होने के कारण आए दिन बाजार में दो पहिया एवं चार पहिया वाहनो का जाम घंटों लगा रहता है जिससे आम जनमानस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा। जाम की इस समस्या से कई बार स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी से लेकर तहसील फूलपुर के आला अधिकारियों से किया पर सारे जिम्मेदार लोग उदासीन बने हुए हैं। क्षेत्र के अमित सिंह, अवनीश पाण्डेय, शैलेंद्र पाण्डेय, चन्दन सिंह, दिलीप राजभर आदि ने अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग की है। इस संबन्ध में अधिशासी अधिकारी माहुल दिनेश चंद्र आर्या का कहना है कि बहुत जल्दी ही पुलिस प्रशासन के साथ ऐसे हर अतिक्रमण को हटवाने के साथ ही साथ दंडात्मक कार्यवाही भी की जाएगी।
रिपोर्ट-श्यामसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *