फूलपुर आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर तहसील के अंबारी स्थित दीदारगंज रोड रेलवे स्टेशन का डीआरएम आशीष जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और दीदारगंज रेलवे क्रासिंग 62 सी से आलमपुर तक 750 मीटर रास्ते की मरम्मत के लिए मांग पत्र सहित अंडरपास में जलभराव की समस्या से संबंधित ज्ञापन डीआरएम को सौपा। डीआरएम आशीष जैन ने एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के लिए लिखा पढ़ी और रास्ते के निर्माण का आश्वासन दिया। वहीं अंडरपास की समस्या पर उन्होंने कहा कि पहले रेलवे पटरियों पर शौच करना बंद कराइये। इसके बाद इस संबंध में बात करिए।
सर्वप्रथम डीआरएम आशीष जैन ने दीदारगंज रोड रेलवे स्टेशन पर बने प्लेटफार्म का निरीक्षण किया । उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का दिशा निर्देश दिया। रजिस्टर और अभिलेख सही ढंग से न मिलने पर डीआरएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्टेशन अधीक्षक को रजिस्टर और अभिलेख दुरुस्त करने की चेतावनी दिया। अंबारी स्थित दीदारगंज रेलवे क्रासिंग 62 सी से आलमपुर तक 720 मीटर तक बने रास्ते का सुदृढ़ीकरण एवं दीदारगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के सम्बंध में भाजपा अनुसूचित युवा मोर्चा जिला कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य प्रेम सागर के द्वारा मांगपत्र डीआएम को दिया गया। वही पूर्व विधायक डॉ हाफिज इरशाद और राजेश यादव ने क्षेत्रीय लोगों के साथ दीदारगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के लिए डीआरएम आशीष जैन को ज्ञापन दिया। डीआरएम आशीष जैन ने लिखा पढ़ी कर समस्याओं के समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जितेंद्र हरि पाण्डेय, डॉ उदयभान यादव, लाल बहादुर यादव, निखिल यादव, प्रमोद कुमार बिन्द, राहुल राही, फूलचंद, रबीन्द्र यादव, चंद्रशेखर यादव आदि लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय