अतरौलिया आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। चार दिनों तक उत्साह, नवाचार और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा राजकीय पॉलिटेक्निक फूलपुर पवई का ज्ञानोत्सव-2026 रविवार को भव्य समापन के साथ यादगार बन गया। 11 से 14 फरवरी तक चले इस महोत्सव ने तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मकता और अनुशासन का ऐसा संगम प्रस्तुत किया, जिसकी चर्चा देर तक होती रहेगी। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता प्रवीण सिंह मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में अनिल कुमार तिवारी, गौरव पांडेय, विवेक अग्रवाल, विवेक राय और अर्चना की उपस्थिति रही।
डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने विद्यार्थियों का उत्साह वर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वांचल के मालवीय के रूप में विख्यात प्रो. बजरंग त्रिपाठी को श्रद्धांजलि देकर किया गया। वक्ताओं ने उनके शैक्षिक योगदान, दूरदृष्टि और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को याद किया। दो मिनट का मौन रखकर सभी ने उन्हें नमन किया। डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने कहा कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार पाना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भागीदारी निभाना है। अनुशासन, नवाचार और जिम्मेदारी से ही उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।
डॉ.सुबोध कांत सिंह ने कहा कि ज्ञानोत्सव ने यह साबित कर दिया कि जब युवाओं को अवसर मिलता है, तो वे अपने हुनर से भविष्य की नई इबारत लिख सकते हैं। यह महोत्सव प्रतिभा, परिश्रम और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का जीवंत उत्सव बन गया।
महोत्सव के दौरान तकनीकी प्रतियोगिताएं, खेल मुकाबले, इनोवेशन शोकेस और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने रहे। समापन संध्या में गायक आदर्श मिश्रा और गायिका सुजाता यादव की शानदार प्रस्तुतियों ने माहौल को सुरमय कर दिया। मंच संचालन अरविंद श्रीवास्तव ने किया, जबकि मेकअप व कोरियोग्राफी का दायित्व अर्चना ने बखूबी निभाया।
प्रधानाचार्य अशोक भारती के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी ई.ज्योति त्रिपाठी, रमा पांडेय सहित समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद