पिता की प्रेरणा से शुरू किया निःशुल्क चिकित्सा शिविर: डा.डीडी सिंह

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अजमतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के छपरा सुल्तानपुर गांव निवासी शिशु व बाल रोग विशेषज्ञ डा. डीडी सिंह विगत 16 वर्षों से अनवरत निःशुल्क परामर्श व दवाएं शिशुओं को देते आ रहे हैं। वे 13 दिसम्बर 2009 से लगातार 16 वर्षों से प्रत्येक रविवार अपने पैतृक गांव छपरा सुल्तानपुर आवास पर ग्रामीण शिशुओं का निःशुल्क इलाज कर रहे हैं। क्षेत्र के साल्हेपुर, अजगरा, हरई इस्माइलपुर, खर्रा रास्तीपुर, इमिलिया, टनकपुरा, कठरा, कोठिया, छपरा, रसूलपुर, भटौली, कंजरा, मेघई आदि गांवों के लोग इस शिविर से लाभान्वित हो रहे हैं। साथ ही दूर दराज के मरीज भी पता लगाकर पहुंचते हैं।
लगातार 16 वर्षों से निःशुल्क इलाज कर रहे डॉ. डी.डी. सिंह के सामने कई शिशु ऐसे आये जो धनाभाव के कारण इलाज नहीं कर पाते। उन बच्चों को इनके इलाज से जीवनदान मिला। उनके सामने कई ऐसे बच्चे आये जिनको इलाज कर वे अपने आप को धन्य मानते हैं।
डा. डीडी सिंह कहते हैं कि माता-पिता की प्रेरणा से यह कार्य हमने शुरू किया। आज अबोध बच्चों का इलाज कर हमें आत्म संतुष्टि मिल रही है। उन्होंने कहा कि पिताजी के आशीर्वाद से शुरू हुए निःशुल्क ग्रामीण चिकित्सा शिविर के आज 16 वर्ष पूरे हो गए। आज पिताजी की याद बहुत आ रही है। उनकी शिक्षा, उनका संस्कार सदा हमारे साथ रहेगा। यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर आगे भी ऐसे ही चलता रहेगा, जिससे कुछ जरूरतमंद बच्चों का इलाज तो हम कर सकेंगे।
इस अवसर पर कुसुमी देवी, डॉ.मुरलीधर सिंह, अमृता सिंह, रिद्धि, दर्शदीप, झिनकाई, सुशील आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *