आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डा. अतुल प्रताप सिंह और महासचिव डा. राजेश श्रीवास्तव ने नीमा आजमगढ़ के डा. डीडी सिंह और डा. विनोद कश्यप को नीमा सेंट्रल कॉउन्सिल का सदस्य मनोनीत किया है। शनिवार की शाम हुई इस घोषणा से नीमा आजमगढ़ के सभी सदस्यों में हर्ष का माहौल है। सभी सदस्य मनोनीत सदस्यों को इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।
नीमा अध्यक्ष डा. मनीष राय ने कहा कि आजमगढ़ नीमा के लिए बड़े हर्ष की बात है कि नीमा के पूर्व अध्यक्ष डा. डीडी सिंह और नीमा सचिव डा. विनोद कुमार कश्यप को नीमा उत्तर प्रदेश की ओर से नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन के सेंट्रल काउंसिल मेम्बर के रूप में नामित किया गया है। इससे आजमगढ़ नीमा की ताकत का पता चलता है। नीमा आजमगढ़ में इस समय कुल 450 सदस्य हैं। मनोनयन के पश्चात डा. डीडी सिंह ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नीमा एक राष्ट्र व्यापी संगठन है, जिसमें आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सक सदस्य होते हैं। यदि किसी आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सक को कोई भी परेशानी होती है तो उसके लिए संगठन जिले स्तर से लेकर प्रदेश और देश स्तर तक साथ देता है।
रिपोर्ट-सुबास लाल