आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रक्तदान महादान है। इस कार्य में लंबे समय से नीमा अपना अहम योगदान दे रही है। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान नीमा द्वारा मंडलीय चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक पर वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इसके लिए डॉ.डीडी सिंह और नीमा आजमगढ़ को राष्ट्रीय रक्त नायक अवार्ड प्राप्त हुआ है। डॉ.डीडी सिंह की अनुपस्थिति में यह अवार्ड उत्तर प्रदेश निफा के स्टेट कोऑर्डिनेटर दिलीप कुमार दुबे ने मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल खट्टर से ग्रहण किया।
डॉ.डीडी सिंह ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान 17 सितंबर 2022 को नीमा आजमगढ़ ने एक वृहद रक्तदान शिविर लगाया था, जिसके लिए करनाल हरियाणा में आयोजित कार्यक्रम में निफा की ओर से मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल खट्टर द्वारा राष्ट्रीय रक्त नायक अवार्ड दिया गया। संस्था के साथ साथ आजमगढ़ में अभियान के संयोजक के रूप में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ.डीडी सिंह को व्यक्तिगत रूप से भी सम्मानित किया गया। उन्होने कहा कि नीमा के साथ पूरे जनपद के लिए यह गौरव की बात है। इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के लिए नीमा आजमगढ़ के समस्त रक्तदाता, रक्तदात्रियो एवं सम्मानित जनता का एवं संस्था से प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी साथियों का आभार व्यक्त करता हूं।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार