फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लगन, मेहनत और दृढ़ निश्चय यदि साथ हों, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। इसका बेहतरीन उदाहरण बने हैं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरिहा के पूर्व चिकित्सक डा. बेलाल अहमद। फरिहा स्वास्थ्य केंद्र पर पहली नियुक्ति 4 फरवरी 2021 को हुई थी हालांकि मऊ जिला के छतरपुर के निवासी हैं।
लगातार तीन वर्षों तक मरीजों की सेवा करते हुए भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और हाल ही में आयोजित नीट पीजी परीक्षा में यूपी स्टेट नीट पीजी (डीएनबी) में 17वीं रैंक लाकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। इस कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में देश भर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, लेकिन डा. बेलाल अहमद ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर जनरल मेडिसिन में सीट हासिल की, जो चिकित्सा विज्ञान के सबसे व्यापक और महत्वपूर्ण विषयों में से एक है। कठिन प्रश्नपत्र और सीमित समय जैसी चुनौतियों के बीच भी डा. बेलाल ने धैर्य और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा पूरी की। उनकी सफलता ने परिजनों, सहयोगियों और क्षेत्र के लोगों को गर्व का एहसास कराया है।
अपनी उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए डा. बेलाल ने कहा कि लोगों की आलोचनाओं के बावजूद मैंने इस परीक्षा के लिए पूरी मेहनत की। परिवार और सहयोगियों का सहयोग रहा, तभी यह संभव हो सका। यह अनुभव मेरे लिए बेहद प्रेरणादायक रहा।
डा. बेलाल अहमद की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत जीत है, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को सच करने का साहस रखते हैं।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव