अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अहरौला क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 22 फरवरी को प्रस्तावित समरसता रैली के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया तथा माहुल में आयोजित जनचौपाल कार्यक्रम में भाग लेने के लिए क्षेत्र में भ्रमण किया।
समाजसेवी मिथिलेश सिंह उर्फ पिन्टू सिंह के बिसईपुर स्थित आवास पर पहुंचे डॉ. अरविंद राजभर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि माहुल में आयोजित जनचौपाल एवं समरसता रैली स्थल का निरीक्षण करने के उद्देश्य से वे अहरौला आए हैं। इसी क्रम में उन्होंने कहा समाज सेवा में अग्रसर समाजसेवी मिथिलेश सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की।
अहरौला-कप्तानगंज मार्ग के निर्माण से जुड़े सवाल पर डॉ. राजभर ने कहा कि इस मार्ग के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध है और बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में शीघ्र ही एक प्रेस वार्ता कर जानकारी दी जाएगी कि कार्यक्रम में कौन-कौन शामिल होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम निश्चित है और इसे बृहद रूप से महाराजा सुहेलदेव की जयंती के रूप में मनाया जाएगा, हालांकि उपस्थिति को लेकर अभी कुछ कहना संभव नहीं है।
डॉ. अरविंद राजभर अहरौला से माहुल के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने जनचौपाल कार्यक्रम में शामिल होकर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह, आलोक सिंह, सुरेंद्र चौबे, शक्ति सिंह, बलवंत सिंह, सत्येंद्र सिंह एवं पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे