फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के सुदनीपुर के राजस्व गांव चकनूरी में जिम्मदारों की मिलीभगत से प्लाटरों ने सरकारी नाली पर प्लाटिंग के लिए रास्ता बनाने के मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने एसडीएम से रिपोर्ट मांगी है।
सस्ती जमीनों को कीमती बनाने का खेल इस कदर चल रहा है कि जिम्मेदार सरकारी नाली और नाला तक कब्जा कराकर प्लाटिंग के लिए रास्ता बनवा दे रहे हैं। इसमें लेखपालों द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। राजस्व गांव चकनूरी में प्लाटरो द्वारा प्लाटिंग के लिए जमीन खरीद ली गयी। लेकिन रास्ता न होने से जमीन की कीमत कम थी। जमीन की कीमत बढ़ाने के लिए प्लाटरों की नजर सरकारी नाली पर पड़ गयी। जिम्मदारों की मिलीभगत से नाली पर रास्ता बना दिया गया। ग्रामीण इसकी शिकायत करते रहे लेकिन स्थानीय तहसील प्रशासन इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि हल्का लेखपाल, लेखपाल संघ का महामंत्री है तथा सत्ता दल के बड़े नेताओ में अच्छी पकड़ है जिसके कारण तहसील अधिकारी भी शिकायतों पर कोई कार्यवाही नहीं कर पाते हैं। यही नहीं लेखपाल कई मंडलो का प्रभार लेकर कार्य कर रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम फूलपुर अशोक कुमार का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा जांच कर आख्या मांगी गई है। नायब तहसीलदार को जांच के लिए निर्देशित किया गया है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय