आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को अवैध एवं ओवरलोडिंग चलने वाले वाहनों का अधिक से अधिक चालान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लगातार चेकिंग अभियान चलाकर नियम के विरूद्ध एवं मानक के विपरीत चलने वाले वाहनों का चालान करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि माल वाहन, यात्री वाहन, बड़े वाहन तथा 14/18 टायर वाले बड़े वाहनों की ओवरलोडिंग को चेक कर आवश्यक कार्यवाई करें। परिवहन विभाग प्रवर्तन कार्य में तेजी लाएं तथा हाईवे पर वाहनों को अवैध तरीके से खड़ा करने पर तथा गलत दिशा में वाहनों के चलाने पर चालान करें। उन्होंने कहा कि प्राइवेट यात्री वाहनों के संचालन के लिए समय निर्धारित करें तथा किसी भी दशा में सड़क के बीच में रोककर यात्री न उठाएं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग प्रत्येक दिन किसी न किसी स्कूली वाहनों का फिटनेस चेक करें। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में बिना फिटनेस के स्कूली वाहन को न चलने दें। स्कूली वाहनों की विशेष चेकिंग किया जाए तथा बिना मानक के चलने पर नोटिस दें तथा अन्य आवश्यक कार्यवाई भी की जाय। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक विभाग को हेलमेट एवं बिना कागज एवं लाइसेंस के चलने वालों का चालान करना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, पीडब्ल्यूडी, परिवहन, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार