आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पशुपालन विभाग की जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्थायी, अस्थायी गौ आश्रय स्थलों पर हरा चारा, भूषा एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।
उन्होने कहा कि गौ आश्रय स्थलों पर रहने वाले जानवरों की शत प्रतिशत जीयो टैगिंग कराना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि गौवंशीय एवं महिषवंशीय को विषाणुजनित लम्पी बीमारी के संक्रमण से निवारण एवं रोकथाम के लिए टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक दिन सभी गौ आश्रय स्थल से वहां की अद्यतन स्थिति की सूचना मंगायी जाय। उन्होने कहा कि प्रत्येक दिन गौ आश्रय स्थल मे कितने पशु हैं, कितने बिमार हैं, कितने पशु की मृत्यु हुई तथा वहां पर चारे, पानी, भूषा की क्या स्थिति है, इसकी पूरी सूचना आनी चाहिए। उन्होने निर्देशित किया कि यदि किसी गोवंश की मृत्यु होती है तो उसका नियमानुसार शव विच्छेदन किया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.धर्मेन्द्र पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी हरिशंकर राम, जिला कृषि अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव