लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 118 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 68, पुलिस विभाग के 17, विकास विभाग के 6, विद्युत विभाग के 6, शिक्षा विभाग के 4 तथा अन्य 17 प्रार्थना पत्र शामिल रहे। इनमें से 17 मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
अधिवक्ता शिवम सिंह और अनूप पांडेय ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उपजिलाधिकारी लालगंज कार्यालय में आशुलिपिक का पद पिछले तीन वर्षों से रिक्त है, जिससे आम जनमानस के कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था में शिथिलता आ रही है। उन्होंने उक्त पद पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की।
देवनाथपुर में कार्यरत हल्का लेखपाल दीपा साहू एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पर फर्जी रिपोर्ट लगाए जाने के आरोप में कमलेश सरोज ने शिकायत दर्ज कराई। वहीं नियमताबाद निवासी हीरावती पत्नी फिरतू ने पड़ोसियों द्वारा जबरन अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। उमरी कला निवासी मंजू कश्यप ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए बताया कि उनके घर पर पहले से कनेक्शन होने के बावजूद बिना सूचना दूसरा कनेक्शन कर दिया गया। ग्राम अवदह खास, थाना बरदह निवासी राजकुमार पुत्र स्वर्गीय रामसनेही ने दबंगों पर पुलिस की मिलीभगत से जमीन पर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया।
राजस्व और पुलिस विभाग से अधिक संख्या में शिकायतें आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपालों और पुलिस अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मामलों के निस्तारण का निर्देश दिया। इसके अलावा जिलाधिकारी द्वारा सरिता, इसरावती, गुड्डी, बिंदु, मनीता, हुबराजी सहित कुल 105 लोगों को कंबल वितरित किया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सच्चिदानंद प्रसाद, उपनिदेशक कृषि आशीष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद