डीएम ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का किया आकस्मिक निरीक्षण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के पुराने बस्ते को बदलकर नया करने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने एवं कार्यालय में नियिमत साफ-सफाई रखने का निर्देश संबंधित पटल सहायक को दिया।
शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वरासत रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होने शस्त्र लिपिक को निर्देश दिया कि वरासत के सम्बन्ध में जिनकी रिपोर्ट अप्राप्त है, उनको लिखित रिमाइन्डर भेजा जाए एवं उनको फोन से भी अवगत कराया जाए। जिस प्रकरण में पुलिस की आख्या प्राप्त हो गयी है, उसमें तहसील से भी आख्या मंगायें। निरीक्षण में पाया गया कि वरासत से संबंधित कुछ प्रकरण में पुलिस एवं तहसील से आख्या प्राप्त हो जाने के बाद भी पत्रावली अभी लम्बित है। जिस पर जिलाधिकारी ने शस्त्र लिपिक को चेतावनी निर्गत करने का निर्देश मुख्य राजस्व अधिकारी को दिया। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि पत्रावलियों का समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करें।

नजारत के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्यालय में एक मास्टर रजिस्टर अवश्य बनाया जाए तथा उसका उप रजिस्टर बनायें, जिससे कि पत्रावलियों को खोजने में आसानी होगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ जगह गन्दगी पाये जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नाजिर कलेक्ट्रेट को नियमित साफ-सफाई कराने का सख्त निर्देश दिया।
इस अवसर पर सीडीओ संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह, एसडीएम आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *