डीएम ने किया रैन बसेरा एवं अलाव का औचक निरीक्षण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार की देर रात्रि रोडवेज परिसर आजमगढ़ स्थित रैन बसेरा एवं अलाव का आकस्मिक निरीक्षण किया। रोडवेज परिसर में अलाव जलता हुआ पाया गया। जिलाधिकारी ने अलाव ताप रहे बुजुर्ग को कंबल का वितरण किया एवं रैन बसेरे के अंदर बुजुर्ग को ले जाकर केयरटेकर के माध्यम से रुकने की व्यवस्था कराई। उन्होंने रैन बसेरे के अंदर रुके हुए व्यक्तियों से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने रैन बसेरे मंे बेड के ऊपर मोटा चद्दर डालने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोता हुआ नहीं मिलना चाहिए। नियमित रूप से अलाव जलना चाहिए। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार समस्त तहसीलों/नगर निकायों में अलाव जलाने एवं कंबल वितरण के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि जनपद के समस्त बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, फुटपाथ आदि का रात्रि में भ्रमण किया जाए एवं कहीं भी रात्रि में यदि कोई व्यक्ति बाहर सोता हुआ मिले तो उनको रैन बसेरे के अंदर ले जाकर ठहरने की व्यवस्था कराई जाय। जिला प्रशासन के पास पर्याप्त संख्या में कंबल उपलब्ध है एवं जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर तहसीलदार सदर, आरएम रोडवेज उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *