आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 के दृष्टिगत रविवार को दूसरे दिन जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा परीक्षा केंद्र गांधी गुरुकुल इंटर कॉलेज भवरनाथ एवं एसकेपी इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश प्रक्रिया आदि के संबंध मे संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। इसके पश्चात परीक्षा कक्ष का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्षों में लगाया गया सीसीटीवी कैमरा सक्रिय होना चाहिए एवं ड्यूटी में तैनात कर्मचारी इसकी निगरानी भी करते रहें। उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। ड्यूटी में लगाये गये सभी अधिकारी/कर्मचारी पूरे मनोयोग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सेक्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर निगरानी करते रहें। जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रिपोर्ट-सुबास लाल