अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए शांति व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से शनिवार को अतरौलिया थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने की, जिसमें क्षेत्र के मैरिज हॉल संचालक और डीजे संचालक शामिल हुए।
बैठक में थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी मैरिज हॉल या उसके बाहर ध्वनि प्रदूषण करना नियमों के विरुद्ध होगा। यदि निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित मैरिज हॉल की होगी और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी को नियमों का सख्ती से पालन करना आवश्यक है। इस दौरान उपस्थित संचालकों को ध्वनि प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया गया। बैठक के अंत में मैरिज हॉल एवं डीजे संचालकों ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई मैरिज हॉल व डीजे संचालक मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद