आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शनिवार को दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया। संस्थापक, प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव, प्रधानाचार्य एवं विद्यालय की निदेशिका कंचन यादव ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती व मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
तत्पश्चात गणेश वन्दना से कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इसके बाद दीपावली के त्योहार का मंचन किया गया जिसमें भगवान राम, माता सीता और भगवान लक्ष्मण का चौदह वर्षों का वनवास समाप्त कर अयोध्या आने की खुशी में दीपावली मनाने व उनका राज्याभिषेक करने तक का मनमोहक मंचन बच्चों के द्वारा किया गया। साथ ही साथ बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। इस अवसर पर भव्य अल्पना, रंगोली का अनुपम चित्रण किया गया।
संस्थापक, प्रबन्धक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि दीपावली खुशियों का त्योहार है। जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने सत्य का साथ देते हुए असत्य पर विजय प्राप्त की उसी प्रकार हमें भी अपने जीवन में इसी विचारधारा को अपनाना चाहिए। प्रधानाचार्य सर्वोदय पब्लिक स्कूल ने भगवान श्रीराम की लंका विजय के अयोध्या वापसी की विस्तृत जानकारी बच्चों को दी और उनके जीवन के अहम पहलुओं को बच्चों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि हमें भी भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलना चाहिए।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार