छात्रवृत्ति के आवेदनों का सत्यापन करते हुए डाटा फॉरवर्ड करें- मण्डलायुक्त

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यों की माह नवंबर की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि संबंधित अधिकारी तत्परता से छात्रवृत्ति के आवेदनों का सत्यापन सुनिश्चित करते हुए डाटा फॉरवर्ड करें। उन्होंने तीनों जिलों के मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों मे पंजीकृत छात्रों की रैंडमली बायोमैट्रिक अटेंडेंस की चेकिंग करें। उन्होंने कहा की जिन छात्रों के छात्रवृत्ति के आवेदन रिजेक्ट किए गए हैं, उसकी विभागीय जांच अपने स्तर से करायें। उन्होंने निर्देश दिया कि उपनिदेशक समाज कल्याण तथा जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं विद्यालयों का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का पता लगाएं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि गलत पंजीकरण तथा एक से अधिक स्कूलों में पंजीकरण पाया जाए, तो उनके आवेदनों को निरस्त करना सुनिश्चित करें।
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि बैंक एवं विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर आवेदन कर्ताओं के लंबित आवेदनों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि योजना का अधिक से अधिक लाभ गरीबों को मिले, इसके लिए ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से समन्वय कर अधिक से अधिक आवेदन कराना सुनिश्चित करें। आयुक्त ने कहा कि विद्युत बिल में सुधार हेतु आने वाले लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि विवाद वाले प्रकरणों में अधिकारी स्वयं व्यक्तिगत रुचि लेकर देखें एवं उसका निस्तारण करें। इसके साथ ही मंडलायुक्त ने सभी मंडल स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय में समय से उपस्थित हों तथा निर्धारित समय तक बैठे, फील्ड में भ्रमण हेतु दोपहर बाद ही निकले।
इसके साथ ही मंडलायुक्त ने सीएम युवा उद्यमी अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद टूलकिट वितरण योजना, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, कन्या सुमंगला योजना, पर्यटन विभाग, डे एनआरएलएम, सड़कों का अनुरक्षण, विद्युत ट्रांसफार्मर, दैनिक विद्युत आपूर्ति, उद्यान विभाग, नमामि गंगे आदि विभागों की समीक्षा कर समस्त संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *