लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के लालगंज विधानसभा अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्याम कन्हैया यादव के भतीजे कपिलदेव यादव की महाराष्ट्र के पेल्हार में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
कपिलदेव यादव पेल्हार (महाराष्ट्र) में टैंकर चलाने का कार्य करते थे। दुर्घटना में मौत के बाद अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए जब पेल्हार पुलिस ने फोटो सोशल मीडिया पर डाला तो परिवार को इसकी जानकारी हुई। तत्काल परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक का महाराष्ट्र में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया तथा अस्थियां वाराणसी लाकर गंगा में प्रवाहित की गईं। इस दुखद घटना के बाद देवगांव थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर स्थित श्याम कन्हैया यादव के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। श्याम कन्हैया यादव ने कहा कि यह घटना पूरे परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक है और सभी गहरे सदमे में हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद