आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार को डीएवी पीजी कालेज में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वृहद रोजगार मेले का आयोजन कराया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज के वृहद रोजगार मेले में भारत के विभिन्न क्षेत्रों से 53 कंपनियों द्वारा प्रतिभाग किया गया है, जिनके द्वारा 6000 से ज्यादा युवाओं को चिन्हित कर रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षा रहती है कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिले और उनकी आमदनी बढ़े, जिससे कि आम लोगों के आर्थिक स्थिति में सुधार हो एवं राज्य और देश के विकास में सहयोग कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि नौकरी के साथ-साथ जिन युवाओं को स्वरोजगार करना है, उसके लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रही कम्पनियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को नौकरी देने हेतु अपील किया।
उन्होने बताया कि 8 मार्च को लखनऊ में वृहद रोजगार मेले का भी आयोजन किया जा रहा है, इच्छुक युवा उसमें भी प्रतिभाग कर सकते हैं।
वृहद रोजगार मेले में एल एण्ड टी, महादेव हनुमन्त विजय प्लेसमेन्ट सर्विस, विजन इंडिया रमाया हेल्थ केयर, पेरीग्रीन, एनएसडीसी, डिक्शन टेक्नोलाजी, सुब्रोश इण्डिया, कृष्णा मारूति, शिव शक्ति बायो टेक्नालाजी, आदि 53 कम्पनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमे रिक्तियों की कुल संख्या 6000 के सापेक्ष लगभग 90000 से अधिक बेरोजगार युवकों ने प्रतिभाग किया। उपरोक्त कम्पनियों द्वारा 3000 बेरोजगार आवेदको का अपने तय मापदण्ड एवं शर्तों के अनुसार चयन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न कम्पनियों द्वारा चयनित युवाओं को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल